मानसून के दौरान हादसों की आशंका को देखते हुए देहरादून पुलिस ने नदी, नालों और पिकनिक स्थलों पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नदी किनारे पिकनिक मनाने, सेल्फी लेने या प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त और निगरानी के लिए तैनात किया गया है। मालदेवता, गुच्चूपानी, सौंग नदी सहित अन्य नदी किनारे स्थित पिकनिक स्थलों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को तत्काल वहां से हटाया जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




