सचिन तिवारी की कलम से – कल शाम अपनी बाइक से प्रेस क्लब की तरफ जा रहा था। सड़कों पर वही रोज़ वाली भीड़ थी थके हारे लोग, दफ्तर से लौटते चेहरे, और अपनी अपनी ज़िंदगी की जद्दोजहद में उलझी गाड़ियां। तभी पीछे से एक तेज़, कान फाड़ देने वाला हूटर गूंजा। पीछे देखा तो एक चमचमाती बड़ी गाड़ी भीड़ को चीरती हुई आ रही थी, जिसके आगे बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था VIP , अंदर कौन से महापुरुष बैठे थे, यह तो नहीं दिखा, लेकिन उस हूटर की आवाज़ किसी चेतावनी जैसी नहीं लग रही थी। ऐसा लग रहा था मानो वो गाड़ी चिल्ला-चिल्लाकर पूरी सड़क को गाली दे रही हो हटो कीड़े मकोड़ों रास्ते से, वरना कुचल दिए जाओगे!
उस एक पल ने मन को कचोट कर रख दिया। कितनी अजीब और क्रूर विडंबना है न हमारे देश की? यहाँ चुनाव के वक्त नेताओं के मंचों से जिस जनता को जनार्दन यानी साक्षात ईश्वर का दर्जा दिया जाता है, उसी जनता को इस देश की सड़कों पर हर पल कीड़े-मकोड़े जैसा महसूस कराया जाता है।
सोचिए, जिस आम आदमी के पसीने की कमाई से कटे टैक्स के पैसों से इन गाड़ियों में पेट्रोल डलता है, जिनकी गाढ़ी कमाई से इन माननीयों की सुरक्षा और शाही ठाट बाट का इंतज़ाम होता है, वही आम आदमी अपनी ही बनाई व्यवस्था में सबसे बेबस है। वह सुबह से शाम तक किसी सरकारी दफ्तर की खिड़की पर अपनी जायज फाइल के लिए बाबुओं की झड़कियां खाता है। वह अपनी आस्था लेकर किसी मंदिर की चौखट पर जाता है, तो वहां भी घंटों धक्के खाता है, पसीने में तर-बतर लाइन में लगा रहता है और तभी एक वीआईपी आता है, जो सीधे भगवान के दरबार में पहुंच जाता है। मानो ईश्वर ने भी अब भक्तों की हैसियत उनके पास और रसूख से तौलनी शुरू कर दी हो।
तर्क तो यही कहता है कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है और चुने हुए प्रतिनिधि या अधिकारी उसके सेवक। लेकिन हमारे यहाँ सेवकों ने मालिक की हवेली पर कब्ज़ा कर लिया है और मालिक को बाहर फुटपाथ पर धक्के खाने के लिए छोड़ दिया है। और सबसे ज़्यादा शोर वही मचाते हैं जिनका कद सबसे छोटा होता है वे छुटभैये नेता और रसूखदार, जिनके पास कोई संवैधानिक जिम्मेदारी तो नहीं होती, पर गाड़ी पर VIP लिखवाकर और हूटर बजाकर उन्हें खुद को राजा समझने का वहम ज़रूर हो जाता है।
लाल बत्तियां तो कानून ने गाड़ियों से उतरवा दीं, लेकिन इन लोगों के दिमाग पर चढ़ी सत्ता की बत्ती आज भी चौबीसों घंटे जलती है। दिल में एक ही टीस उठती है क्या यह देश, यह भोली-भाली जनता जनार्दन कभी इस वीआईपी संस्कृति और इस सामंती मानसिकता के चंगुल से आज़ाद हो पाएगी? या फिर हम यूं ही टैक्स भरते रहेंगे, लाइनों में पिसते रहेंगे, और सड़क पर बजते किसी हूटर की गाली सुनकर चुपचाप किनारे होते रहेंगे?
0 55 2 minutes read




