कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत राहुल गांधी से मुलाकात के बाद नई ऊर्जा और उत्साह से नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिला है। इस मुलाकात से उन्हें नई ऊर्जा और स्फूर्ति मिली है, जिसका असर उत्तराखंड की राजनीति में भी दिखाई देगा।
हरीश रावत ने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में भी पार्टी नेतृत्व उन्हें उत्तराखंड और देश के लिए उपयोगी मान रहा है, यह उनके लिए बड़े प्रोत्साहन की बात है। उन्होंने इसे अपने लिए बूस्टर डोज बताते हुए कहा कि वह पहले भी पार्टी के लिए काम करते रहे हैं और आगे भी सक्रिय रहेंगे।
अपनी प्रस्तावित धन्यवाद जनसंवाद यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच उनके एक सहयोगी के घर ईडी की छापेमारी हुई और उन्हें भी नोटिस देकर तलब किया गया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी की ओर से यात्रा रोकने के निर्देश मिलने के बाद उन्होंने अपनी आगे की यात्रा स्थगित कर दी थी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कई तरह की चर्चाएं और आवाजें उठने से इसके वास्तविक उद्देश्य पर कुहासा छा गया था। यात्रा का मकसद जनता से संवाद करना और पार्टी को लाभ पहुंचाना था। राष्ट्रीय नेतृत्व से बातचीत के बाद अब यह कुहासा छंट गया है।




