उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

ज्योतिर्मठ के हर घर पहुंचेगा भगवान बदरीविशाल का महाप्रसाद, ‘समोण’ वितरण शुरू

भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद शीतकालीन पूजा स्थल श्री नृसिंह मंदिर परिसर में देव डोली के पहुंचने के साथ ही ज्योतिर्मठ में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया। इस अवसर पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की पहल पर नगर के प्रत्येक घर तक भगवान का आशीर्वाद पहुंचाने के लिए पारंपरिक ‘समोण’ महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम शुरू किया गया।

शंकराचार्य महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान को अरसे (आड़सा) और रोट (रोड़) का भोग लगाया। इसके बाद नगर के प्रत्येक परिवार तक प्रसाद पहुंचाने का अभियान शुरू कर दिया गया। इस आयोजन के लिए 18 से अधिक महिला मंगल दलों की महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ लाखों की संख्या में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन तैयार किए हैं।

ज्योतिर्मठ को उसका प्राचीन नाम वापस मिलने की खुशी में शुरू हुई यह परंपरा पिछले वर्ष ‘मेरु ज्योतिर्मठ, मेरु परिवार, मेरु समोण’ के नाम से आगे बढ़ाई गई थी। पिछले वर्ष लगभग 50 हजार से अधिक डिब्बे तैयार कर ज्योतिर्मठ सहित देश के विभिन्न तीर्थस्थलों और धार्मिक आयोजनों में वितरित किए गए थे। इस वर्ष भी महिला मंगल दलों के सहयोग से समोण तैयार कर घर-घर पहुंचाया जा रहा है।

मठ प्रशासन के अनुसार, शीतकालीन पूजा शुरू होने के दिन भगवान को भोग लगाकर नगर के प्रत्येक परिवार तक प्रसाद पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी घर इस परंपरा से वंचित न रहे। इसके लिए ज्योतिर्मठ के सभी नौ वार्डों में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। टीमें घर-घर जाकर प्रसाद वितरित करने के साथ लोगों की प्रतिक्रियाएं भी एकत्र कर रही हैं।

इस सेवा कार्य में दिल्ली निवासी अनिल भारद्वाज, करनाल निवासी जगदम्बा अग्रवाल और जगाधरी निवासी अजय अग्रवाल ने सहयोग दिया है। ज्योतिर्मठ के व्यवस्थापक विष्णुप्रियानन्द ब्रह्मचारी के संयोजन में शिवानन्द उनियाल, पीठ पुरोहित आनन्द सती, शांति चौहान, महिमानन्द उनियाल, समीर डिमरी, संतोष सती, नन्दी देवी, वैभव सकलानी, पूनम सती, प्रेमा टोलिया, सुमेधा भट्ट, वीणा मार्तोलिया सहित अनेक श्रद्धालु प्रसाद वितरण कार्य में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button