योगनगरी स्टेशन पर बेपटरी हुई दून एक्सप्रेस, टला बड़ा हादसा
ऋषिकेश। योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर बुधवार को दून एक्सप्रेस ट्रेन के वॉशिंग लाइन में जाते समय अचानक बेपटरी होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, हावड़ा से आने वाली दून एक्सप्रेस बुधवार को योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पहुंची थी। यात्रियों को उतारने के बाद ट्रेन को नियमित सफाई और धुलाई के लिए वॉशिंग लाइन की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन का एक पहिया पटरी से उतर गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद रेलवे के तकनीकी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन के पहिये के पटरी से उतरने की वजह तकनीकी खामी मानी जा रही है।
इस घटना ने योगनगरी रेलवे स्टेशन पर रेल संचालन और तकनीकी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे अधिकारी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।




