उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

संतों के सानिध्य में धूमधाम से मना भगवान कार्तिकेय का जन्मोत्सव, 13 अखाड़ों के संतों ने दिया सनातन संस्कृति की रक्षा का संदेश

पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में रविवार को इष्टदेव भगवान कार्तिकेय का जन्मोत्सव गुरु छठ पर्व के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर तेरहों अखाड़ों के संत-महंतों ने एकत्र होकर भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना की और सनातन संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

उत्सव के दौरान भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा का विधि-विधान से पंचस्नान कराया गया। इसके बाद भव्य श्रृंगार कर मंदिर को फूलों से सजाया गया। महाआरती के दौरान पूरा परिसर भगवान कार्तिकेय के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर आकर्षक आतिशबाजी भी की गई।

कार्यक्रम अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि भगवान कार्तिकेय शक्ति, साहस और धर्म के प्रतीक हैं। उनके जन्मोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम हैं।

निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि भगवान कार्तिकेय का जीवन अधर्म के विरुद्ध संघर्ष और धर्म की स्थापना की प्रेरणा देता है। वहीं श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि संत समाज सदैव धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए समाज का मार्गदर्शन करता आया है। युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर स्वामी बालकानंद गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद, महंत भगतराम, महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज, श्रीमहंत रामरतन गिरि, श्रीमहंत दिनेश गिरि, दिगंबर धनंजय गिरि, महंत ऋषिश्वरानंद, श्रीमहंत दर्शन भारती और महंत रवि पुरी सहित अनेक संत-महंत मौजूद रहे।

कार्यक्रम में महापौर किरण जैसल, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी दीपक सिंह, डॉ. मयंक गुप्ता, मनुज उनियाल और भोला शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button