अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को उर्मिला सनावर देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। सुनवाई के बाद अदालत ने उनके नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को मंजूरी दे दी। दोनों परीक्षण गुजरात के गांधीनगर में कराए जाएंगे। हालांकि, टेस्ट की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है।
उर्मिला सनावर के अधिवक्ता के अनुसार, अदालत में सुनवाई के दौरान उन्होंने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अपनी सहमति दी। उनके बयान को भी अदालत के रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। परीक्षण की प्रक्रिया गुजरात के गांधीनगर में पूरी की जाएगी। इसके लिए पहले मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। फिलहाल आगे की तारीख तय होना बाकी है।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर सामने आए ऑडियो और वीडियो के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में रहा है। सीबीआई वायरल ऑडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में उर्मिला सनावर और ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से जुड़े घटनाक्रम भी जांच के दायरे में हैं।
शुक्रवार को अदालत पहुंचने से पहले उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में जेल में अपने साथ कथित दुर्व्यवहार और खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाए जाने के आरोप भी लगाए। उन्होंने खुद को इस मामले में व्हिसलब्लोअर बताते हुए कहा कि वह अपने बयानों पर कायम हैं।
अब गांधीनगर में होने वाले नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया तथा उसकी तारीख को लेकर सबकी निगाहें टिकी हैं। इन परीक्षणों से जुड़े निष्कर्ष और जांच में सामने आने वाले तथ्य मामले की आगे की दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।




