हार्ट अटैक और गंभीर हृदय संबंधी समस्या से जूझ रही पौड़ी निवासी महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें हेली एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश पहुंचाया गया। सड़क मार्ग से हायर सेंटर ले जाते समय घुड़दौड़ी के समीप महिला की तबीयत और अधिक बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल हेली एंबुलेंस से उन्हें ऋषिकेश भेजने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, पौड़ी निवासी सुलोचना देवी को बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे हार्ट अटैक और हृदय संबंधी गंभीर परेशानी के चलते उतराकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने जांच और ब्लड टेस्ट के बाद उनकी स्थिति गंभीर बताई। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
इसके बाद महिला को एंबुलेंस से हायर सेंटर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान घुड़दौड़ी के समीप उनकी तबीयत अचानक और बिगड़ने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिव मोहन शुक्ला, डॉ. लव राणा और प्रबंधक डॉ. मनोज गोविल ने मरीज की जांच की। इसके बाद एंबुलेंस को वापस बुलाया गया और हेली एंबुलेंस की मदद से महिला को ऋषिकेश पहुंचाया गया, ताकि उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
अस्पताल प्रबंधन की तत्परता से गंभीर हालत में महिला को हवाई मार्ग से हायर सेंटर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।




