हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में डॉ. विशाल ने हरिद्वार विधानसभा सीट से अपनी चुनावी दावेदारी पेश की है। उन्होंने समाजसेवा और जनसंपर्क के अनुभव को अपनी राजनीतिक दावेदारी का आधार बताते हुए क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही है।
डॉ. विशाल लंबे समय से सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। उनका कहना है कि आम लोगों के सुख-दुख में भागीदारी निभाना और जरूरतमंदों की सहायता करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। स्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में भी उन्होंने लोगों के बीच अपनी सक्रियता बनाए रखी है।
उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखी हैं। इनमें शहर के रिहायशी और व्यापारिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तथा बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था प्रमुख है। इसके अलावा तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया है।
डॉ. विशाल ने स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाने की आवश्यकता भी बताई। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
डॉ. विशाल की चुनावी दावेदारी के साथ ही हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब उनकी दावेदारी को लेकर पार्टी स्तर पर क्या निर्णय होता है और आगामी चुनाव में स्थानीय राजनीतिक समीकरण किस दिशा में आगे बढ़ते हैं, इस पर सबकी निगाहें रहेंगी।




