उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

त्योहारों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे अलर्ट, मुरादाबाद मंडल में 86 विशेष ट्रेनों का संचालन

धनतेरस, दीपावली, भाई दूज एवं छठ पूजा के त्योहारों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रेलवे की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की।

महेश यादव ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सभी प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि आरपीएफ, जीआरपी और टिकट चेकिंग स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल नियंत्रक कक्ष में स्थापित वार रूम के माध्यम से स्टेशनों और ट्रेनों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर मेडिकल सहायता बूथ भी स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है। अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ ही RailOne ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए स्टेशनों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। हेल्प डेस्क के जरिए यात्रियों को ऐप के उपयोग और टिकट बुकिंग की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा एटीवीएम मशीनों और मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम (MUTS) के माध्यम से भी यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में उन्होंने बताया कि आरपीएफ, जीआरपी और आरपीएफ का डॉग स्क्वायड दस्ता स्टेशनों पर तैनात रहेगा। सुरक्षा बलों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यात्रियों की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि त्योहारों पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मुरादाबाद मंडल में नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त कुल 86 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें नौ विशेष ट्रेनें मुरादाबाद मंडल से शुरू हो रही हैं। यात्रियों की मांग और भीड़ के अनुसार आगे भी अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही मंडल में संचालित 19 ट्रेनों में जनरल, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं।

उन्होंने रेल यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान ज्वलनशील अथवा प्रतिबंधित सामग्री अपने साथ न ले जाएं और रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबर पर विश्वास न करें। सहायता के लिए यात्री रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139, रेल मदद पोर्टल, RailOne ऐप अथवा स्टेशन और ट्रेन में तैनात रेलवे कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button