उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

चाय पर चर्चा में टिकट चेकिंग स्टाफ ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के सामने रखीं समस्याएं

रेलवे कर्मचारियों की कार्य संबंधी समस्याओं को समझने और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ अनौपचारिक बातचीत कर उनकी समस्याएं, कार्य अनुभव और सुझाव सुने।

इस दौरान कर्मचारियों ने ड्यूटी व्यवस्था, कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों, कार्य के दबाव, यात्रियों के साथ संवाद, कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि टिकट चेकिंग स्टाफ की जिम्मेदारी केवल टिकटों की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को उचित मार्गदर्शन देने, अनियमित यात्रा पर नियमानुसार कार्रवाई करने और रेलवे के राजस्व संरक्षण के साथ यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुना और उचित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में टिकट चेकिंग स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान है। कर्मचारियों के अनुभव और सुझाव विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार लाने में सहायक होते हैं।

उन्होंने कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा यात्रियों के साथ शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘चाय पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय मजबूत होता है। मंडल रेल प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कर्मचारियों ने अधिकारियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने इस पहल को उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से कर्मचारियों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button