उत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेहरादूनपर्यटनमनोरंजनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

PET परीक्षा को लेकर रेलवे स्टेशनों पर किए विशेष इंतजाम, चलाईं स्पेशल ट्रेनें

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के मद्देनजर उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने परीक्षार्थियों और यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए। रविवार, 25 अक्टूबर को परीक्षार्थियों की बढ़ी आवाजाही को देखते हुए सुरक्षित आवागमन, भीड़ प्रबंधन और रेल सेवाओं के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया गया।

मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता बूथ स्थापित करने के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया में निगरानी रखी गई। सहायता केंद्रों और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान तथा प्लेटफॉर्म की जानकारी उपलब्ध कराई गई, जिससे परीक्षार्थियों को अपनी ट्रेन तक पहुंचने में सुविधा हो सके।

अधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाओं की निगरानी

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। वहीं, बरेली जंक्शन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय) अंकित शर्मा तथा बिजनौर स्टेशन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (प्रथम) एचएस मीना ने परीक्षार्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात

यात्रियों को टिकट आसानी से उपलब्ध कराने के लिए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और अनारक्षित व आरक्षित टिकट काउंटरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने और अतिरिक्त काउंटर शीघ्र शुरू करने की व्यवस्था भी रखी गई। हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों को RailOne ऐप से डिजिटल टिकट बुक करने की जानकारी दी गई, ताकि टिकट काउंटरों पर भीड़ और कतारों को कम किया जा सके।

मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, बिजनौर, अमरोहा, हरदोई, बुलंदशहर, हापुड़ और सीतापुर सिटी समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। मंडल कार्यालय स्थित वार रूम से स्टेशनों, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी गई। इसके साथ ही स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए।

परीक्षार्थियों के लिए चलाईं पांच विशेष ट्रेनें

परीक्षार्थियों की अतिरिक्त यात्रा आवश्यकता को देखते हुए मंडल में पांच विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें मुरादाबाद-लखनऊ स्पेशल (04322 और 04324), लखनऊ-मुरादाबाद स्पेशल (04321), शाहजहांपुर-बिजनौर स्पेशल (04325) और बिजनौर-मुरादाबाद स्पेशल (04326) शामिल हैं। इसके अलावा यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त रेक की व्यवस्था भी की गई।

यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस (12558) और आनंद विहार टर्मिनल-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस (13258) को बरेली जंक्शन पर पांच-पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा तथा रेल सेवाओं के व्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं संचालित की गईं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button