उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत देहरादून रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत स्टेशन परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, यात्री आवागमन क्षेत्र, पूछताछ काउंटर के आसपास, कार्यालय परिसर, शौचालयों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही फर्श की सफाई, प्लेटफॉर्म और छत के नीचे के हिस्सों से धूल हटाने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई पर भी जोर दिया जा रहा है।
सफाई कर्मचारियों द्वारा स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में निर्धारित कार्यों को पूरा कर परिसर के बेहतर रखरखाव के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही रेलवे परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था को मजबूत करना और स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी स्टेशन परिसर में कूड़ा निर्धारित कूड़ेदानों में डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ और बेहतर यात्री वातावरण सुनिश्चित करने के लिए रेलवे कर्मचारियों के साथ यात्रियों की सहभागिता भी जरूरी है।
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि विशेष अभियान 6.0 के तहत रेलवे परिसरों में स्वच्छता और सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




