उत्तर प्रदेशउत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद, यात्रियों से लिया सुविधाओं का फीडबैक

विशेष अभियान 6.0 के तहत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने यात्रियों से किया सीधा संवाद, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

हरिद्वार। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को जानना, स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करना तथा रेलवे परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी प्रतिक्रियाएं प्राप्त कीं।

 

रेल जनसंवाद के दौरान महेश यादव ने यात्रियों की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। यात्रियों से स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता और अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना और सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

 

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर दिया गया। इसके लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से भी यात्रियों से प्रतिक्रिया प्राप्त की गई। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समझकर रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार करना और यात्री सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।

 

विशेष अभियान 6.0 के तहत यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्टेशन परिसर, रेल पटरियों और रेलगाड़ियों में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। यात्रियों से कचरा निर्धारित कूड़ेदानों में डालने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने का आग्रह किया गया। साथ ही एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने तथा कचरे को उचित तरीके से अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में बताया गया।

 

मुरादाबाद मंडल की ओर से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद के माध्यम से यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से यात्री सुविधाओं में सुधार, जनभागीदारी और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button