भेल फाउंड्री गेट के सामने धीरवाली रोड पर भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 2026 में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
महोत्सव के दौरान आयोजित भव्य महाआरती में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने मां दुर्गा की आरती की। समिति के अध्यक्ष मनोज यादव और भागीरथ टीम के सदस्य भी सपरिवार शामिल हुए। महाआरती के दौरान मेला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
समिति अध्यक्ष मनोज यादव ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और राजीव शर्मा का शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। समिति के पदाधिकारियों ने अन्य अतिथियों का पटका पहनाकर सम्मान किया।
मनोज यादव ने कहा कि भागीरथ महोत्सव मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का प्रयास है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
समिति के सचिव परमाल सिंह ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। समिति का उद्देश्य मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और परिवारों के लिए आनंददायक बनाना है।
स्थानीय कलाकारों को मिल रहा मंच
मेला परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा, धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गरबा नृत्य, झूले और विभिन्न प्रकार की दुकानों के आकर्षण लोगों को लुभा रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक संतोष साहू ने बताया कि हरिद्वार के बच्चों और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया है। मेले में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और मनोरंजन का भी संगम देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में विकास तिवारी, तरुण अय्यर, कैलाश भंडारी, पंकज चौहान, लज्जा राम अत्री, अंशुल शर्मा, कुंज भसीन, प्रवीण वरदिया, राम ललित, अमित वालिया, शिवनारायण शर्मा, नवनीत, धनंजय यादव, हिमांशु सैनी, रामचंद्र यादव, आशीष शुक्ला, विमल कुशवाहा, रणवीर, विनोद चौहान, हरिकेश विश्वकर्मा, अंशुल गुरव, राकेश रोशन, पवन राठौर, विकास कुचेरिया, रविंद्र यादव, रविंद्र उछोली और विनोद शाक्य सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।




