चमोली में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह श्रद्धालुओं के शव रविवार को देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचाए गए। यहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी मृतकों के पार्थिव शरीर इंडिगो के विमान से उनके गृह क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए। हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों के लिए यह बेहद दुखद और भावुक पल रहा।
चार श्रद्धालुओं के शव बंगलुरू और एक का गोवा भेजा जाएगा
शुक्रवार को बदरीनाथ से सहस्रधारा हेलीपैड आ रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पायलट हिमांशु सभरवाल समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। रविवार को रेस्क्यू टीमों ने सभी छह मृतकों के शव बरामद कर लिए।
इसके बाद सभी शवों को ऋषिकेश स्थित एम्स ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम और आवश्यक केमिकल प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शवों को देहरादून एयरपोर्ट पहुंचाया गया। पायलट हिमांशु सभरवाल (48) का शव सड़क मार्ग से दिल्ली स्थित उनके घर भेजा गया।
वहीं, प्रताप (41), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) के शव इंडिगो की बंगलुरू जाने वाली फ्लाइट से भेजे गए। जबकि अरुण सालुके (44) का शव इंडिगो की फ्लाइट से पहले दिल्ली भेजा गया, जहां से उसे गोवा ले जाया जाएगा। हादसे के बाद सभी मृतकों के शव उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई।




