प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने दीपावली के बाद गंगा बंदी कराने की मांग उठाई है। व्यापार मंडल का कहना है कि दीपावली के दौरान हरिद्वार में व्यापार अच्छा चलता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा बंदी का समय दीपावली के बाद निर्धारित किया जाना चाहिए, ताकि व्यापारियों के कारोबार पर असर न पड़े और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंगलवार को सुभाष घाट पर आयोजित व्यापार मंडल की बैठक में गंगा बंदी के समय में बदलाव और कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि कुंभ के लिए होने वाले निर्माण कार्य स्थानीय जनता और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर कराए जाने चाहिए। निर्माण कार्य स्थायी प्रकृति के हों, ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके।
उन्होंने कुंभ मेला प्रशासन से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और अधिकारियों से स्वयं कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही धर्मनगरी का समुचित विकास संभव है।
प्रदेश उपाध्यक्ष शिव कुमार कश्यप और प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट ने कहा कि कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। कुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभागों, अधिकारियों और व्यापारियों के आपसी तालमेल से ही आयोजन को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों से संगठित होकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखने का आह्वान किया।
तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक और शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि कुंभ के दौरान धर्मनगरी में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में व्यापारियों को धैर्य और सहयोग के साथ काम करना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में शहर महामंत्री विमल सक्सेना, शहर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, जिला महामंत्री योगेश भारद्वाज, तहसील महामंत्री आदेश मारवाड़ी, कनखल महामंत्री हिमांशु राजपूत, जिला कोषाध्यक्ष अजय अरोड़ा, संरक्षक तेज प्रकाश साहू, निशा गुप्ता और बबीता शर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।




