दीपावली का त्योहार जहां खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ मिलकर उत्सव मनाने का संदेश देता है, वहीं इस बार देहरादून में तीन परिवारों के लिए यह त्योहार कभी न भरने वाला जख्म दे गया। अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की हत्या से तीन परिवारों में मातम पसर गया। कहीं दोस्ती पर भरोसा जानलेवा साबित हुआ तो कहीं संपत्ति विवाद और नशे की लत ने रिश्तों को खून से रंग दिया।
हली घटना डालनवाला क्षेत्र की है। यहां 15 वर्षीय अर्श अंसारी आठ नवंबर को अपने दोस्त श्रेयस ममगाईं के साथ दीपावली मनाने उसके घर गया था। पिता नदीम अंसारी को भरोसा दिलाया गया था कि त्योहार मनाने के बाद अर्श को रात में घर छोड़ दिया जाएगा। देर रात तक बेटे के वापस नहीं आने पर पिता ने संपर्क किया तो सुबह घर पहुंचाने की बात कही गई। अगले दिन उन्हें सूचना मिली कि अर्श मोर्चरी में है। पिता ने बेटे के शरीर पर चोटों के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई और उसके दोस्तों की भूमिका पर सवाल उठाए।
दूसरी घटना रायपुर क्षेत्र के तरला अधोईवाला की है। यहां 28 वर्षीय गौरव चौधरी दीपावली की मिठाई लेकर अपने मामा के घर जा रहा था। बताया गया कि परिवार में पुराने मकान की बाउंड्री को लेकर विवाद चल रहा था। गौरव द्वारा दोबारा बाउंड्री बनवाने का काम शुरू कराने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उसके दूसरे मामा नितिन अपने बेटे और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और गौरव को घेरकर उस पर खुखरी से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से गौरव की मौत हो गई। त्योहार पर रिश्तेदारों के घर मिठाई लेकर निकले गौरव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
तीसरी घटना राजपुर क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां 62 वर्षीय मदन राणा की उनके 35 वर्षीय बेटे नितिन ने कथित तौर पर हत्या कर दी। बताया गया कि नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर बेटे ने पहले अपने भांजे पर दरांती से हमला करने का प्रयास किया। भांजे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घर में विवाद बढ़ने पर मदन राणा बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि बेटे ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीनों घटनाओं ने दीपावली की खुशियों के बीच रिश्तों की भयावह तस्वीर सामने रख दी। एक परिवार ने अपना किशोर बेटा खोया, दूसरे ने जवान बेटे और तीसरे ने परिवार के बुजुर्ग मुखिया को। जिन घरों में दीपावली पर दीप जलने थे, वहां अब अपनों को खोने का गम और सन्नाटा पसरा है। इन परिवारों के लिए इस बार की दीपावली खुशियों के बजाय जिंदगी भर का दर्द दे गई।




