उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

सीसीटीवी फुटेज से खुला अर्श की मौत का राज, मारपीट नहीं दोस्त की कार से कुचलकर गई किशोर की जान

दिवाली की रात दोस्तों के साथ घर से निकले 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर किशोर की मौत को मारपीट के दौरान हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने मामले की तस्वीर बदल दी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अर्श की मौत पिटाई से नहीं, बल्कि उसके दोस्तों की कार से कुचलने के कारण हुई थी।

पुलिस के अनुसार, आठ नवंबर की रात अर्श अपने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने निकला था। देर रात सभी कार से घूम रहे थे। तड़के करीब तीन बजे रेसकोर्स स्थित सूरी चौक पर उनकी मुलाकात स्कूटी सवार युवकों के दूसरे गुट से हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आमना-सामना होने पर पुरानी कहासुनी फिर शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

इसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद धर्मपुर चौक स्थित अग्रवाल बेकरी के पास एक बार फिर आमना-सामना हो गया। यहां विवाद के दौरान अफरातफरी मच गई और युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच अर्श भी वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। तभी उसके दोस्तों की कार तेजी से पीछे की ओर बैक हुई और अर्श कार के पिछले हिस्से के नीचे आ गया। कार का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

पिता ने दोस्तों पर लगाया था हत्या का आरोप

अर्श के पिता नदीम अंसारी ने नौ नवंबर को डालनवाला थाने में शिकायत देकर बेटे के दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि आठ नवंबर को एक दोस्त ने अर्श को नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर दिवाली मनाने के लिए बुलाया था। रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद अर्श घर नहीं लौटा। दोस्तों ने बताया कि वह सुबह घर आ जाएगा। अगले दिन सुबह दोस्त की मां ने फोन कर बताया कि अर्श मोर्चरी में है। मोर्चरी पहुंचने पर पिता को बेटे के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले थे। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आया घटनाक्रम

पुलिस ने शुरुआत में हत्या के एंगल से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सामने आया कि अर्श अपने साथियों के साथ कार से उतरता दिखाई दे रहा है। इसके बाद विवाद और भगदड़ के बीच वह कार के पीछे पहुंचता है और तेजी से पीछे की ओर आ रही कार की चपेट में आ जाता है।

पुलिस के मुताबिक, कार चालक ने लापरवाही से अचानक कार पीछे की ओर की थी। इसी दौरान अर्श पिछले पहिये के नीचे आ गया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, घटनाक्रम में शामिल युवकों की भूमिका और कार चालक की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button