केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के भूतपूर्व सब इंस्पेक्टर (जीडी) श्री कृपाल सिंह गोसाई के आकस्मिक निधन पर बुधवार, 11 नवंबर को कनखल स्थित श्मशान घाट पर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पूरे सैन्य सम्मान और गरिमामय रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम विदाई की पूरी व्यवस्था पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक संगठन की हरिद्वार एवं ऋषिकेश शाखा के अध्यक्ष रूपचंद आजाद एडवोकेट और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट हिम्मत सिंह नेगी के प्रयासों एवं आपसी समन्वय से संभव हो सकी। सीआईएसएफ यूनिट बीएचईएल हरिद्वार की ओर से रिजर्व इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ अंतिम विदाई देने पहुंचे। सीआईएसएफ की ओर से दिवंगत सब इंस्पेक्टर को सैन्य सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महानिदेशक की ओर से जारी शोक संदेश भी दिवंगत के शोकाकुल परिवार को सौंपा गया। अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।




