श्री चित्रगुप्त मंडल रजिस्टर्ड, हरिद्वार की ओर से कलम-दवात पूजा का पर्व भेल सेक्टर-3 स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री चित्रगुप्त जी का विधि-विधान से पूजन, कथा और हवन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के परिवारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त जी के पूजन और कलम-दवात अर्पित करने के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने ज्ञान, बुद्धि, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कथा का श्रवण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण और सुख-शांति की प्रार्थना की।
मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले न्याय के देवता हैं। कलम-दवात पूजा ज्ञान, शिक्षा, सत्य, न्याय और कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी का संदेश देती है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
मंडल के सचिव प्रमोद श्रीवास्तव और कोषाध्यक्ष अक्षत श्रीवास्तव ने कहा कि कलम और दवात ज्ञान, विद्या एवं लेखन के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के परिवारों से बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने तथा ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम में शामिल सभी परिवारों का आभार जताया।
इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को कलम-दवात पूजा की शुभकामनाएं दीं और समाज की एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संजय सक्सेना, ए.के. श्रीवास्तव, वी.के. सक्सेना, अर्चना सक्सेना, अनिल श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव, सौरभ सक्सेना, बालकृष्ण श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, श्रेय श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, ज्ञानेश सक्सेना, संदीप श्रीवास्तव, डॉ. एस.के. श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे। अंत में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की आरती और जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




