वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) में नामित सदस्य बनाया गया है। इस नियुक्ति पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। गुरुवार को समर्थकों ने विवेक विहार स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर फूलमालाओं से स्वागत किया और नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। उनकी प्राथमिकता प्राधिकरण के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा, ताकि एचआरडीए की विकास योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की ओर से नक्शे और अन्य विवादों के समाधान के लिए कैंप लगाकर क्षेत्रवासियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आमजन को इन सुविधाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न आवासीय योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. गर्ग ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए वह जनता की समस्याओं को प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान का प्रयास करेंगे।
इस दौरान राजीव अरोड़ा, केशवदेव जोशी, हुकम सिंह, अनुभव गर्ग, प्रदीप अग्रवाल, शैलेंद्र सिंह, मनोज सुबुद्धि, गौरव अहलूवालिया, नीतिश अहलूवालिया, विवेक गर्ग, नरेश रानी गर्ग, सचिन गुप्ता, दिव्यांश शर्मा, योगेश गर्ग और हितेश अग्रवाल सहित अनेक समर्थक मौजूद रहे।




