उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

छठ पर घर लौटने की उमड़ी होड़, राप्ती गंगा और लिंक एक्सप्रेस में भारी भीड़, फर्श पर बैठकर सफर करने को मजबूर यात्री

छठ महापर्व पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौटने वाले प्रवासी यात्रियों की भीड़ ने रेल व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। देहरादून रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। राप्ती गंगा और लिंक एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या इतनी अधिक रही कि कई लोगों को बैठने तक की जगह नहीं मिली। मजबूरी में यात्रियों को ट्रेन के फर्श पर बैठकर सफर करना पड़ा।

छठ पर्व को लेकर सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी थी। बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और सामान के साथ ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। जैसे ही राप्ती गंगा और लिंक एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं, यात्रियों में ट्रेन में सवार होने की होड़ लग गई। सीट पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिवार के साथ सफर कर रहे लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण कई यात्रियों को सीट नहीं मिल सकी। ऐसे में किसी ने फर्श पर बैठकर तो किसी ने किसी तरह खड़े होकर यात्रा की। छठ पर्व पर घर पहुंचने की उत्सुकता के चलते यात्रियों ने तमाम परेशानियों के बावजूद अपना सफर जारी रखा।

यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रहीं। स्टेशन पर रस्सियां लगाकर सुरक्षित जोन बनाया गया था। आरपीएफ और जीआरपी के जवान प्लेटफॉर्म पर तैनात रहकर यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने और भीड़ नियंत्रित करने में जुटे रहे।

छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से शुक्रवार को बिहार के लिए विशेष ट्रेन चलाने की भी व्यवस्था की गई। इससे घर जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि त्योहार के चलते यात्रियों का दबाव लगातार बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button