उत्तर प्रदेश के कुंडा में जनसत्ता दल के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के आवास पर हुई श्रीराम कथा ने आध्यात्मिक आयोजन से ज्यादा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले के सियासी शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया है। मंच पर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री थे और सामने योगी सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों और संतों का जमावड़ा लगा रहा। उपस्थित हर एक नेता संत खुद को राजा भैया का खास दिखाने में लगा रहा , ऐसा लग रहा था फोटो वीडियो ही उनका मकसद था , उनके से शायद ही किसी ने बैठ कर कथा सुनी हो । वैसे सियासत में मंच साझा करना और चुनावी मैदान में उतरना दो अलग बातें हैं। असल सवाल यह है कि यदि चुनाव में राजा भैया की पार्टी और भाजपा आमने-सामने होती हैं, तो क्या यह गले मिलने वाले हाथ मिलाने वाले राजा भैया की पार्टी का साथ देंगे ?तब यही मंत्री और नेता कमल के लिए वोट मांगते दिखेंगे, जबकि संत भी राजनीतिक हवा भांपकर सुरक्षित पाला चुन लेंगे।
विरोधी दलों और सामाजिक चिंतकों का आरोप है कि चुनावी मौसम आते ही महंगाई और बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज को हिंदू-मुस्लिम और अब राम-कृष्ण जैसे प्रतीकों के जरिए ध्रुवीकृत करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, समर्थकों और आयोजकों का तर्क है कि ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं।
इसी बीच, अपने बयानों से अक्सर विवादों में रहने वाले धीरेंद्र शास्त्री जैसे कथावाचकों को मिलने वाले राजनीतिक संरक्षण पर भी बहस तेज हो गई है। आलोचकों का कहना है कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं की मौजूदगी और सरकारी प्रोटोकॉल इन कथावाचकों को मौन सहमति प्रदान करते हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बिना किसी चुनावी खर्च के लाखों की भीड़ जुटाने की इनकी क्षमता राजनीतिक दलों को आकर्षित करती है, यही वजह है कि विवादित बयानों के बावजूद इन पर लगाम लगाने के बजाय इन्हें मंच दिया जाता है।
0 42 1 minute read




