उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्लीदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

जगन्नाथ मंदिर संस्थान की ओर से 10-11 दिसंबर को होगा ‘सप्तर्षि समागम’, देश-विदेश के विद्वान रखेंगे विचार

जगन्नाथ मंदिर संस्थान, कल्याणी की ओर से आगामी 10 एवं 11 दिसंबर को कोलकाता के रामकृष्ण मिशन, गोलपार्क में भव्य ‘सप्तर्षि समागम’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के सनातन धर्म के विद्वान, आचार्य, धर्मगुरु, वैज्ञानिक और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य सप्तर्षियों के योगदान, वेद-शास्त्रों के महत्व और सनातन परंपरा के मूल सिद्धांतों पर व्यापक विमर्श करना है।

इस संबंध में शनिवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में शंकराचार्य के शिष्य एवं अधिवक्ता डॉ. प्रेमचंद्र झा ने बताया कि सम्मेलन में नासा और बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) के वैज्ञानिकों सहित देश-विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि सप्तर्षियों के विषय पर विश्व स्तर पर इस प्रकार का सम्मेलन पहली बार आयोजित किया जा रहा है। सनातन धर्म के आधार स्तंभ रहे सप्तर्षियों के योगदान पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है।

चार सत्रों में होगा आयोजन

डॉ. झा ने बताया कि सम्मेलन चार सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहला सत्र सभी के लिए खुला रहेगा, जिसमें विभिन्न देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। शेष तीन सत्रों में शास्त्रों का ज्ञान रखने और उनके सिद्धांतों को मानने वाले विद्वान अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इन सत्रों में गहन वैचारिक विमर्श होगा।

उन्होंने कहा कि बच्चों में संस्कारों का विकास और भव्य भारत का निर्माण तभी संभव है, जब नई पीढ़ी को सप्तर्षियों के योगदान तथा वेद-शास्त्रों के महत्व से परिचित कराया जाए। उन्होंने मीडिया से सम्मेलन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि इसका संदेश जन-जन तक पहुंच सके।

शंकराचार्यों और धर्मगुरुओं को भी निमंत्रण

डॉ. झा ने बताया कि देश के सभी शंकराचार्यों और प्रमुख धर्मगुरुओं को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति को भी आमंत्रित किया गया है। जो विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सकेंगे, उनसे अपने विचार भेजने का अनुरोध किया गया है। नासा के एक वैज्ञानिक ने भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने की इच्छा जताई है। इसके लिए ऑनलाइन सहभागिता की व्यवस्था की जाएगी।

सम्मेलन के विचारों और विमर्श को संकलित कर एक पुस्तक भी प्रकाशित की जाएगी। इसके लिए देश के विभिन्न हिस्सों से विद्वान अपने विचार भेज रहे हैं। दिल्ली स्थित बहादुर शास्त्री विश्वविद्यालय के आचार्य एवं सांसद एम.एन. पाठक सहित उत्तर-पूर्व और केरल के विद्वानों के विचार भी प्राप्त हुए हैं।

सनातन धर्म से ही मानव कल्याण का मार्ग

डॉ. प्रेमचंद्र झा ने बताया कि वह पूर्व शंकराचार्य के शिष्य हैं और पहले कोलकाता हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। वर्तमान में शंकराचार्य के अभियान के तहत भारत और नेपाल के कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में संबोधन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का संदेश है कि सनातन धर्म सुरक्षित रहेगा तो मानवता का कल्याण होगा, विश्व में शांति स्थापित होगी और भारत पुनः विश्वगुरु बनेगा।

इस अवसर पर संगठन के नेशनल चेयरमैन डॉ. पीके हाजरा ने बताया कि सनातनी स्वास्थ्य सेना की ओर से इस भव्य धार्मिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के हिंदू धर्मगुरु, आचार्य, महर्षि और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। भारत के विभिन्न हिस्सों में स्थित मठों और मंदिरों के महर्षियों, आचार्यों एवं शिक्षकों को भी आमंत्रित किया गया है।

पत्रकार वार्ता में डॉ. बिट्ठल दास मूंदड़ा, प्रो. रवीन्द्रनाथ भट्टाचार्य, डॉ. अशोक पोद्दार, जगन्नाथ मंदिर संस्थान के अध्यक्ष रामप्रसाद सराफ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button