उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्लीदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशयूथरुड़कीवीडियोशिक्षासामाजिकहरिद्वार

मधुमेह से पीड़ित बच्चों और युवाओं ने प्रस्तुत किए अपने अनुभव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया हौसले का संदेश

अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में मधुमेह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान मधुमेह से संबंधित चित्रकला प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही स्वामी रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बचपन से मधुमेह से पीड़ित बच्चों और युवाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करने की रामकृष्ण मिशन की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी को जीवन जीने की कला सिखाना और समाज व राष्ट्र के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना सबसे पुण्य कार्य है। मधुमेह से पीड़ित बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देना सराहनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन भी इस पहल में सहयोग करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना होना चाहिए।

रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि करीब 20 वर्ष पूर्व मधुमेह से पीड़ित तीन छोटे बच्चों के साथ इस क्लब की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य बच्चों को उपचार के साथ-साथ आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। आज इस क्लब से करीब 180 बच्चे और युवा जुड़ चुके हैं। मिशन के चिकित्सक लगातार उन्हें मधुमेह से लड़ने और सामान्य जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में पांच से 25 वर्ष तक के मधुमेह पीड़ित बच्चों और युवाओं ने प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि मधुमेह उनकी प्रतिभा और हौसले के रास्ते में बाधा नहीं बन सकता। बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रामकृष्ण मिशन राजकोट से आए स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने भेड़ और शेरनी की प्रेरक कहानी सुनाकर बच्चों को आत्मबल और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की सीख दी। वहीं, 25 वर्षीय युवा एडवोकेट एवं नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वह पांच-छह वर्ष के थे, तब मधुमेह से पीड़ित होने के कारण काफी निराश रहते थे। करीब 20 वर्ष पहले शुरू हुए इस क्लब से उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। स्वामी जी और चिकित्सकों के मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का हौसला दिया।

कार्यक्रम का संचालन मधुमेह पीड़ित युवा मयंक ने किया। अंत में डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्मृति चिह्न, स्वामी विवेकानंद से संबंधित पुस्तकें और शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जगदीश महाराज, महंत गुरमीत सिंह महाराज, स्वामी नित्यानंद महाराज, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. समरजीत चौधरी, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. रश्मि, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. अश्विनी अनेजा, अमेरिका से आए डॉ. विधु शेखर पालीवाल, नर्सिंग विभाग की निदेशक मिनी यौनोहन, डॉ. राधिका नागरथ, रविंद्र नारंग, अमरजीत सचदेवा, वागीश पालीवाल, गोकुल सिंह, सुरभि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button