उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

नशीला पदार्थ खिलाकर परिवार को किया था बेहोश, 27,500 रुपये, दो मोबाइल और कार बरामद

बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर डकैती करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दिल्ली में सक्रिय नेपाली मूल के गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 27,500 रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार बरामद की गई है। पुलिस गैंग के तीन अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।

बल्लीवाला चौक स्थित राज मार्केट निवासी महिपाल सिंह ने बसंत विहार थाने में तहरीर देकर बताया था कि दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से उनके घर काम करने आया भरत थापा अपने साथियों के साथ मिला। आरोप है कि आरोपियों ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश कर दिया और इसके बाद घर से जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

काम के बहाने करते थे घरों की रैकी

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में भरत थापा समेत चार अन्य लोगों के वारदात में शामिल होने और हरियाणा नंबर की कार इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश सुनार (27) को वारदात में इस्तेमाल कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। गैंग के सदस्य घरेलू काम करने के बहाने पहले घरों की रैकी करते थे। इसके बाद मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दिनेश टैक्सी से साथियों को घटनास्थल तक पहुंचाता और वारदात के बाद उन्हें वापस ले जाता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा मिलता था। पुलिस के मुताबिक बसंत विहार की वारदात के बाद उसे 50 हजार रुपये दिए गए थे।

पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों भरत थापा, आदित्य, अभिषेक और एलेक्स की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button