प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में सेवा, जनकल्याण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया।
देहरादून में परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मौजूद रहे। यहां सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित करने के बाद ज्योति को लैंसडाउन चौक पर स्थापित किया गया। विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि सात अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी जनसेवा की यात्रा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा उत्थान, आधुनिक बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
इन नेताओं ने संभाली कमान:
उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा व सांसद डॉ. कल्पना सैनी, ऊधम सिंह नगर में अरविंद मेनन व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और पौड़ी में तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यक्रमों का नेतृत्व किया।
श्रीनगर में सेवा ज्योति पदयात्रा के साथ गढ़भोज का भी आयोजन हुआ। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी समेत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।




