अर्धकुंभ-2027 के मद्देनजर यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, संरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने 18 सितंबर को हरिद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय, स्थायी होल्डिंग एरिया, पावर केबिन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता का भी जायजा लिया। उन्होंने हाइड्रोलिक रेस्क्यू डिवाइस (HRD), हाइड्रोलिक री-रेलिंग इक्विपमेंट (HRE) और लिफ्टिंग/रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी ली। साथ ही दुर्घटना राहत चिकित्सा वैन (ARMV) से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता और राहत-बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने अधिकारियों को अर्धकुंभ के दौरान संभावित यात्री दबाव को देखते हुए होल्डिंग एरिया, टिकटिंग व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा एवं संरक्षा संसाधनों और आपातकालीन व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।




