नगर कोतवाली क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले बिजनौर निवासी गोपाल कुमार (50) के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक महिला पर पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दे रहा था।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव के पास बिजनौर जाने का बस टिकट मिला था, लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं थे। 20 सितंबर को बिजनौर से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल कुमार के रूप में की। इसके बाद मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गोपाल की एक महिला से नजदीकी थी। आरोप है कि वह महिला पर लगातार अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पति, पत्नी, महिला के भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति ने गोपाल की हत्या की साजिश रची।
साजिश के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। उसे दूधियाबंद के पास गंगा घाट पर ले जाया गया, जहां उसने खाना खाया और शराब पी। आरोप है कि गोपाल के सो जाने के बाद पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने चापड़ और छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसका मोबाइल और पर्स गंगा में फेंक दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद कर लिया है। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




