उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनमनोरंजनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

सघन जीएसटी चेकिंग अभियान रोकने की मांग, वाणिज्य कर आयुक्त से मिले व्यापारी

त्योहारी सीजन को देखते हुए हरिद्वार में चलाए जा रहे सघन जीएसटी चेकिंग अभियान को रोकने और कार्रवाई से पहले संबंधित व्यापारी को सूचना देने की मांग को लेकर व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में वाणिज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन से मुलाकात की। व्यापारियों ने अधिकारियों और व्यापारियों के बीच समन्वय एवं सहयोग का वातावरण बनाए रखने की मांग की।

व्यापारी नेता डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी जीएसटी और सरकार के सभी नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान के दौरान दुकानदारों को सामाजिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। त्योहारों का समय व्यापारियों के लिए कारोबार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है, इसलिए इस अवधि में विभागीय अधिकारियों और व्यापारियों के बीच सहयोगपूर्ण वातावरण बनाया जाना चाहिए।

हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, संरक्षक नरेंद्र अग्रवाल और ललित गोयल ने कहा कि यदि किसी व्यापारी पर टैक्स की देनदारी निर्धारित होती है तो उसकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पार्ट पेमेंट की सुविधा पर भी विचार किया जाना चाहिए, ताकि एक साथ अधिक आर्थिक भार न पड़े।

हरिद्वार हार्डवेयर संगठन के राजीव शर्मा ने कहा कि व्यापारियों को जीएसटी के प्रावधानों और नियमों की जानकारी देने के लिए समय-समय पर विभागीय अधिकारियों एवं व्यापारियों की समन्वय बैठक होनी चाहिए। इससे व्यापारियों को नियमों की सही जानकारी मिलेगी और अनावश्यक विवादों से बचा जा सकेगा।

देहरादून से व्यापारी नेता विनय गोयल और राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी सरकार को हर स्तर पर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आयुक्त के सकारात्मक हस्तक्षेप से व्यापारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच संवाद एवं सहयोग का वातावरण और मजबूत होगा।

वाणिज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित दुकानदार को सूचना देने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button