रायपुर थाना क्षेत्र के मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर जांच की और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी (35) पुत्र कपूरचंद निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून, हाल निवासी वेदवानी विहार, बालावाला के रूप में हुई है। मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जो मृतक के रिश्तेदार की बताई गई है।
जांच के दौरान युवक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। परिजनों ने भी मौके पर शव की शिनाख्त की। प्रथम दृष्टया पुलिस मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।




