कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने रोड़ी बेलवाला, बैरागी कैंप, कनखल और सिंहद्वार क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण, नवीनीकरण एवं सुधार कार्यों के साथ ही कुंभ शिविरों, अखाड़ों और पार्किंग के लिए चिन्हित मेला भूमि की ड्रेसिंग व लेवलिंग कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक सड़क नवीनीकरण एवं सुधार कार्य का निरीक्षण किया। इस मार्ग पर 393.06 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण और फुटपाथ निर्माण कराया जा रहा है। वहीं बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्री यंत्र मंदिर और बूढ़ी माता मंदिर तक सड़क नवीनीकरण व अन्य सुधार कार्यों के लिए 394.19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले 6.740 किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस मार्ग पर 391.32 लाख रुपये की लागत से बीसी के माध्यम से नवीनीकरण कार्य कराया जा रहा है।
मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों को व्यवस्थित और अतिक्रमणमुक्त रखने तथा फुटपाथ वाले मार्गों पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था करने को कहा। सड़क किनारे अव्यवस्थित विद्युत पोल, निर्माण सामग्री और अन्य सामान तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।
एडमिन रोड के निरीक्षण के दौरान आईरिस पुल के समीप जंक्शन के सुधार के लिए पीआईयू अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके बाद बैरागी कैंप में मेला भूमि के समतलीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सेक्टर प्लान के अनुसार शिविरों, अखाड़ों और पार्किंग के लिए चिन्हित भूमि की ड्रेसिंग व लेवलिंग समय से पूरा करने तथा आवश्यकतानुसार अस्थायी आंतरिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




