श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि., हरिद्वार की ओर से रामलीला के छठे वर्ष में ताड़का वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। लीला देखने के लिए रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं, बच्चों और मातृशक्ति की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। दर्शकों के उत्साह के चलते पंडाल में देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
मंचन के दौरान ताड़का के भयानक रूप में प्रवेश करते ही पंडाल में रोमांच का माहौल बन गया। ताड़का की भूमिका में कृष्ण चंचल ने प्रभावशाली मेकअप और जीवंत अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, ताड़का की शक्तियों के रूप में शिवम वर्मा और चिराग मनोचा ने शानदार अभिनय कर खूब तालियां बटोरीं।
भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों ने अपने सजीव और प्रभावशाली अभिनय से रामभक्तों का मन मोह लिया। कृष्ण के पात्र में शहीद और शुभम पांडेय ने भी सराहनीय अभिनय प्रस्तुत किया। वहीं, राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे रामलीला निर्देशक अंकित तिवारी ने अपने अभिनय कौशल से दर्शकों को प्रभावित किया। मंचन में छोटे बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिस पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में परिवारों की मौजूदगी ने धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को प्रदर्शित किया। रामलीला को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, कलाकारों और व्यवस्थाओं में जुटे कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दर्शकों का प्रेम ही संस्था की ताकत
संस्था के सचिव एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा ने सभी रामभक्तों, मातृशक्ति, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का परिवार सहित रामलीला देखने पहुंचना संस्था के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। दर्शकों का प्रेम, सहयोग और आशीर्वाद ही संस्था की सबसे बड़ी ताकत है। बच्चों और मातृशक्ति की भागीदारी से नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का उद्देश्य भी मजबूत होता है।
उन्होंने कलाकारों, पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों को भी सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। संस्था का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करना है। संस्था ने भविष्य में भी रामभक्तों के सहयोग से इसी तरह भव्य रामलीला आयोजित करने का संकल्प दोहराया।




