सुंदरकांड पाठ के साथ भागीरथ महोत्सव मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बैलून उड़ाकर खुशहाली, सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में यूनियन, फेडरेशन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक, समिति के संरक्षक सुकरम पाल सहित पूरी टीम भागीरथ परिवार मौजूद रही।
समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि मेले में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा, मां की चौकी, गरबा डांस और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में आकर्षक झूले, जलपरी, भूत बंगला और मारुति सर्कस भी लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ क्रॉकरी, फर्नीचर, कपड़े और घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुओं की दुकानें भी लगाई गई हैं।
समिति के सचिव परमाल सिंह ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षा गार्ड, बाउंसर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। उपाध्यक्ष तरुण शुक्ल ने बताया कि टीम भागीरथ के सदस्य मेले के विभिन्न हिस्सों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि आगंतुकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
सांस्कृतिक आयोजन के संयोजक संतोष साहू ने बताया कि हरिद्वार के विभिन्न स्कूलों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। कोषाध्यक्ष प्रवीन बरदिया ने बताया कि गरबा डांस के लिए रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। प्रतिभागियों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर लकी ड्रा निकाला जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन का आनंद लेने तथा सामाजिक एकता, समरसता एवं सद्भाव के संदेश को मजबूत करने की अपील की।




