पंचपुरी हलवाई समाज की ओर से शीतला माता मंदिर परिसर में 32वें वार्षिक भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर समाज के सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां अन्नपूर्णा एवं मां शीतला की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
पंचपुरी हलवाई समाज के अध्यक्ष सोमपाल ने बताया कि समाज पिछले 32 वर्षों से लगातार इस धार्मिक एवं सेवा परंपरा का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि मां अन्नपूर्णा और शीतला माता के आशीर्वाद से समाज के सभी सदस्यों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है।
उन्होंने कहा कि भंडारे का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है। आयोजन में समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन भक्तों के लिए मंगलकामना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।




