लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून दौरे पर रहेंगे। वह कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करने के साथ उनके साथ सीधा संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं और बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दिल्ली से आई विशेष टीम ने संभाल ली है। राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए 40-50 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जबकि कार्यक्रम स्थल पर मंच, पेयजल, हेल्प डेस्क और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
कांग्रेस ने बताया कि कार्यक्रम में केवल पंजीकृत छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा। छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और क्यूआर आधारित पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के लिए अलग बैठक व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी अपने संबोधन में युवाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।




