प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के हर्रावाला और धामपुर रेलवे स्टेशन सहित देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर हर्रावाला और धामपुर रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान जींद–सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट के बीटा संस्करण की शुरुआत की।
हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद नरेश बंसल, डॉ. कल्पना सैनी, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय टम्टा, विधायक ब्रजभूषण गैरोला तथा मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने अतिथियों का पौध भेंटकर स्वागत किया। इससे पूर्व आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता नौ छात्र-छात्राओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। ओक ग्रोव स्कूल झड़ीपानी सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया।
वहीं धामपुर रेलवे स्टेशन पर विधायक अशोक कुमार राणा, नगर पालिका अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख हेमलता चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक पारितोष गौतम, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पुरुषोत्तम बघेल सहित जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। यहां भी स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।




