लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरवनाथ मंदिर के पास जंगलचट्टी क्षेत्र में भारी बोल्डर गिरने से शुक्रवार सुबह यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है और अगले आदेश तक आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, बोल्डर गिरने के बाद पैदल मार्ग बाधित हो गया है। मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर जुटी हैं। मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम और प्रशासन की सलाह का पालन करने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन की आशंका बनी हुई है, इसलिए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




