देहरादून, 18 मई। आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है और इसी दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा सरकार का प्रयास विकास की किरणों को सीमांत गांवों तक पहुंचाना है।
डॉ. आर. राजेश कुमार रविवार को एक निजी होटल में मासिक पत्रिका उत्तरजन टुडे के 10 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सम्मान समारोह एवं मंथन कार्यक्रम ‘उत्तराखंड का दशकः चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बुनियादी समस्याओं से राहत दिलाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि आने वाला दशक उत्तराखंड के नाम हो।
इस अवसर पर 1962 एशियन गेम्स में देश को बॉक्सिंग में पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी ऑनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल तथा प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. जयंत नवानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पंचतंत्र जैसी प्रेरणादायक कहानियां सुनाने और उन्हें संस्कारवान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्द्धन पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्थानीय भाषा और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है।
टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रही सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज शुरू होने जा रहे हैं, जिससे रोजगार और चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम में उत्तरजन की एक्सीक्यूटिव एडिटर रंजना रावत ने महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा पर जोर दिया, जबकि संपादक पीसी थपलियाल ने पत्रिका के दस वर्षों की यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। मंच संचालन योगाम्बर पॉली और मोनिका बिष्ट ने किया।
इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 विभूतियों को ‘उत्तराखंड गौरव’ सम्मान से नवाजा गया, जबकि 35 अन्य लोगों को विशेष योगदान के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पूर्व आईजी सत्यशरण कोठियाल, पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाई, कर्नल यदुवीर रावत, कर्नल उमेश रावत, कर्नल राकेश कुकरेती, शिक्षाविद कमला पंत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




