कार्तिक मेला-2026 और कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर, कंकाठेर, राजघाट नरौरा, बालावाली और ऋषिकेश सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।
मेले के दौरान गढ़मुक्तेश्वर, कंकाठेर, राजघाट नरौरा और बालावाली स्टेशनों पर कई ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया गया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए गाजियाबाद-मुरादाबाद और दिल्ली शाहदरा-हरिद्वार के बीच दो जोड़ी मेला विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। वहीं, तिलक ब्रिज-बुलंदशहर मेमू ट्रेन का विस्तार गढ़मुक्तेश्वर तक किया गया। इसके अलावा 10 ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य डिब्बे लगाए गए।
यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट मशीनें, सहायता केंद्र और चिकित्सा बूथ भी स्थापित किए गए। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की नियमित जानकारी दी गई।
मुख्य स्नान पर्व पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव हरिद्वार स्टेशन पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। वहीं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न मेला स्टेशनों पर पहुंचकर टिकट वितरण, भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए।




