उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन एक सितंबर से शुरू होगा। प्रतियोगिताएं 30 अक्तूबर तक न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा जारी कर दी है।
कार्यक्रम के तहत एक से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। राज्य स्तर की मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्तूबर तक आयोजित की जाएंगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू तथा संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखंब, रस्साकशी, कंचे, फुटबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, तलवारबाजी, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बेसबॉल और लॉन टेनिस समेत विभिन्न खेलों में खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। आयोजन को लेकर संबंधित विभागों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।




