जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
सी-डी श्रेणी वाले विभाग ए श्रेणी में आएं
20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सी और डी श्रेणी में चल रहे विभागों की प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और विभागों को ए श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री घोषणाओं पर तेजी से हो कार्रवाई
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी घोषणाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और किसी भी प्रकार की देरी से बचने के निर्देश दिए।
शहर से गांव तक चलेगा स्वच्छता अभियान
डीएम ने जिले को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, मार्गों और प्रमुख स्थलों पर नियमित सफाई के साथ इसकी लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
डेंगू को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश
डेंगू की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा। जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल पानी की निकासी कराने, नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। घरों, कार्यालयों, विद्यालयों और निर्माणाधीन भवनों के आसपास पानी जमा न होने देने के लिए लगातार निरीक्षण करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, परियोजना निदेशक नलिनी घिल्डियाल, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




