कांवड़ मेले के मद्देनजर बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए ऋषिकेश तहसील क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। एसडीएम कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 10 और 11 अगस्त को स्कूलों में शिक्षण गतिविधियां बंद रहेंगी।
यह अवकाश नगर निगम ऋषिकेश, गुमानीवाला, श्यामपुर-खैरीखुर्द और रायवाला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और अशासकीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इन विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। संबंधित शिक्षण संस्थानों को आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




