भाजपा प्रचार साहित्य विभाग के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. विशाल गर्ग ने हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा अभियान के तहत नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया।
डॉ. गर्ग ने कहा कि तिरंगा देश की पहचान के साथ गौरव, सम्मान, एकता और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके संघर्ष के कारण देश आजाद हुआ।
उन्होंने नागरिकों से घरों, प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा फहराकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की। साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का आह्वान किया।
डॉ. गर्ग ने कहा कि तिरंगा देश की विविधता में एकता और अखंडता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करते हुए देश की प्रगति, एकता और अखंडता में अपना योगदान दे।




