प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने भीमगोड़ा, भूपतवाला और खड़खड़ी इकाई के व्यापारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मेला व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान व्यापारियों ने मेला अवधि में आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक में डॉ. विशाल गर्ग को भाजपा के प्रचार एवं साहित्य विभाग का प्रदेश सहसंयोजक बनाए जाने पर व्यापारियों ने उनका स्वागत किया। डॉ. गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।
व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ मेला शुरू होने से पहले प्रमुख बाजारों, संपर्क मार्गों और कांवड़ यात्रा मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाए तथा पर्याप्त पैदल मार्ग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पार्किंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और व्यापारियों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, जिला महामंत्री संगठन योगेश भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष अजय अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।




