उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के चर्चित पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दोषी पाए गए सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
जांच में सामने आया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाकर परीक्षा की गोपनीयता भंग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने प्रभावित दोनों विषयों की परीक्षाएं निरस्त कर दी हैं। अब इन परीक्षाओं का पुनः आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में किया जाएगा। विश्वविद्यालय का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।




