लंबे समय से भर्ती की मांग को लेकर आंदोलनरत नर्सिंग एकता मंच के प्रदर्शन ने बुधवार को उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों ने फिनाइल पीकर आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर अभ्यर्थियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उनका कहना है कि नियमित और वर्षवार नर्सिंग भर्तियां नहीं होने से हजारों प्रशिक्षित अभ्यर्थी बेरोजगार हैं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर शांतिपूर्ण समाधान का आश्वासन दिया।




