उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने 28 जून 2026 से दो पैसेंजर ट्रेनों के संचालन समय में संशोधन किया है। यात्रियों से यात्रा से पहले नया समय अवश्य जांचने की अपील की गई है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 54075 बरेली–दिल्ली पैसेंजर अब बरेली से शाम 5:35 बजे रवाना होगी। इसके बाद रामगंगा ब्रिज, बशारतगंज, निसोई, आंवला, करेंगी, दबतरा, आसफपुर, सिसरका और चंदौसी सहित कई स्टेशनों पर इसके समय में बदलाव किया गया है। चंदौसी स्टेशन पर ट्रेन रात 7:55 बजे पहुंचेगी और 8:05 बजे रवाना होगी। इसके आगे के स्टेशनों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
वहीं, गाड़ी संख्या 54351 अलीगढ़ जंक्शन–बरेली पैसेंजर का समय भी संशोधित किया गया है। यह ट्रेन रामगंगा ब्रिज पर शाम 4:45 से 4:47 बजे पहुंचेगी तथा बरेली स्टेशन पर शाम 6:15 बजे पहुंचेगी। अन्य स्टेशनों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने निकटतम स्टेशन, RailOne ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 से संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।




