हरिद्वार। केयर कॉलेज के बीएमआरआईटी (बैच 2025-26) प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया। परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल रहा और सफल विद्यार्थियों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं।
जारी मेरिट सूची के अनुसार दीक्षा सत्यावली ने 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कार्तिका 76 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि संध्या यादव और प्रिया ने 74-74 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। परीक्षा परिणाम में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज की डायरेक्टर प्रीतशिखा शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मैनेजिंग डायरेक्टर राजकुमार शर्मा ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल एवं जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में तैयार करना है। उन्होंने छात्रों की सफलता को पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।
कॉलेज प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




